
कार्यक्रम के शुभारंभ पर दीप प्रज्वलित करते अतिथि गण
धर्मेंद रस्तोगी/छपरा, 25 अगस्त।
राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि जी की 19वीं पुण्यस्मृति के अवसर पर मंगलवार को सारण जिला मुख्यालय स्थित गुदरी राय के चौक के समीप प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित रक्तदान अभियान के तहत रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया। आयोजन के दौरान लोगों को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की गई।

शिविर में सदर अस्पताल परिसर स्थित रक्त अधिकोष की नोडल अधिकारी सह महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. किरण ओझा ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। दुर्घटना में घायल लोगों, गंभीर रूप से बीमार मरीजों, प्रसूता माताओं तथा ऑपरेशन कराने वाले मरीजों को कई बार तत्काल रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे समय में रक्त की उपलब्धता किसी मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित अंतराल पर रक्तदान करने के लिए आगे आने की अपील की है।
वहीं ब्रह्मकुमारी अनामिका दीदी ने कहा कि दादी प्रकाशमणि जी की पुण्यस्मृति में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करना और इसे जनसेवा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि दादी प्रकाशमणि निमित्तता, निर्माणता और निर्मल वाणी की साक्षात प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने विश्व के 110 देशों में परमात्मा का संदेश पहुंचाकर मानवता और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने बताया कि रक्तदान करने वाले लोगों को प्रोत्साहन स्वरूप रक्तदाता कार्ड एवं प्रशस्ति- पत्र प्रदान किया गया।
बीके अरविंद भाई ने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी अनजान जरूरतमंद के जीवन में नई उम्मीद जगा सकता है। रक्तदान केवल सामाजिक जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने की अपील की। शिविर में बीके प्रियांशु बहन, बीके प्रिया बहन, बीके पिंकी बहन, बीके शेखर भाई, बीके सचिन भाई, बीके महादेव भाई सहित ब्रह्माकुमारी संस्था से जुड़े कई अन्य भाई- बहनों ने सक्रिय भूमिका निभाई और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।




Recent Comments