
जुलूस में शामिल लोगों को त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए नपं मुख्य पार्षद रूबी सिंह
मढ़ौरा(सारण). स्थानीय प्रखंड क्षेत्र के नगर पंचायत समेत विभिन्न ग्रामीण इलाकों में बुधवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी का मुबारक पर्व पूरी अकीदत, उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया. इस पावन अवसर पर मढ़ौरा नगर पंचायत, मिर्जापुर, तेजपुरवा, हसनपुरा और भावलपुर क्षेत्रों में भव्य जुलूसे मोहम्मदी निकाला गया. जुलूस में शामिल बड़ी संख्या में लोगों ने पैगंबर-ए-इस्लाम हज़रत मोहम्मद मुस्तफा के प्रति अपनी गहरी मोहब्बत और अकीदत का इजहार किया.इस मौके पर सामाजिक कार्यकर्ता आफताब अली ने पैगंबर साहब के जीवन और संदेशों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हजरत मोहम्मद पूरी इंसानियत के लिए रहमत बनकर आए थे.उन्होंने दुनिया को मोहब्बत, भाईचारा, इंसाफ, शांति और जरूरतमंदों की मदद करने की राह दिखाई.उनकी शिक्षाएं हमें सिखाती हैं कि समाज में किसी के साथ भेदभाव न किया जाए, बल्कि कमजोरों का सहारा बनकर आपस में प्रेम और सौहार्द बनाए रखा जाए. मढ़ौरा स्टेशन रोड पर गंगा-जमुनी तहजीब की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां नगर पंचायत मुख्य पार्षद रूबी सिंह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष मीणा अरुण और पूर्व मुखिया अरुण सिंह ने जुलूस में शामिल लोगों के लिए शीतल पेयजल की व्यवस्था की. इस सराहनीय सेवा कार्य में राजू सिंह, रवि सिंह, आकाश कुमार और आदित्य कुमार सहित कई प्रमुख समाजसेवियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया. इस अवसर पर मिर्जापुर में एजाज अली उर्फ छोटे खान, जैनुद्दीन, सलमान, निखिल द्विवेदी, विक्की भगत और तेजपुरवा के मुखिया परमात्मा राय सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे.




Recent Comments