घटना की सूचना पर पहुंचे ग्रामीण

मढ़ौरा(सारण). स्थानीय थाना क्षेत्र में रविवार की शाम को हुए दो अलग-अलग रेल हादसों में एक 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया. इन घटनाओं से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है. गंभीर घटना मढ़ौरा के तेजपुरवा हाल्ट के उत्तरी ढाला के समीप घटी, जहां छपरा जंक्शन से लखनऊ जा रही गोमती एक्सप्रेस की चपेट में आने से शिल्हौरी गांव निवासी रामायण राय के 25 वर्षीय पुत्र आकाश राय की मौत हो गई. यह हादसा रविवार देर शाम करीब साढ़े सात बजे हुआ, जब ट्रेन तेजपुरवा हाल्ट से मढ़ौरा स्टेशन की तरफ आगे बढ़ रही थी. घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. सूचना पाकर मढ़ौरा पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और जीआरपी को सौंप दिया. सोमवार को परिजनों ने छपरा जाकर शव की शिनाख्त की. वहीं, दूसरी घटना भी रविवार की शाम को ही मिर्जापुर रेलवे लाइन के पास प्रकाश में आई. तेजपुरवा गांव निवासी भीष्म राय के 19 वर्षीय पुत्र विनीत कुमार ट्रेन के इंजन से टकराकर बुरी तरह चोटिल हो गए. इस दर्दनाक हादसे में उनकी एक बांह कट गई है. परिजनों ने फौरन उन्हें संभाला और बेहतर इलाज के लिए पटना लेकर रवाना हो गए, जहां उनका इलाज जारी है.एक ही शाम में हुई इन दोनों दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं से क्षेत्र के लोग स्तब्ध हैं.