
संगीत शिक्षक की फाइल फोटो
राजेश उपाध्याय/भेल्दी (सारण)।छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर स्थित ऐतिहासिक रेवा पुल से एक संगीत शिक्षक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार की रात से गायब शिक्षक की तलाश गंडक नदी में लगातार जारी है।
लापता युवक की पहचान भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी उपेंद्र राय के 30 वर्षीय पुत्र शेखर सुमन के रूप में हुई है। वे उच्च माध्यमिक विद्यालय, कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
पूरी घटना पर एक नजर:
- घर से निकले थे नेवता के लिए: परिजनों के अनुसार, शेखर सुमन मंगलवार शाम किसी निमंत्रण (नेवता) में शामिल होने के लिए अपनी कार से घर से निकले थे।
- फोन बंद मिलने पर बढ़ी चिंता: देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ मिला।
- पुल पर मिली लावारिस कार: अनहोनी की आशंका में परिजन खोजबीन करते हुए रेवा पुल पर पहुंचे। वहां उनकी कार खड़ी मिली, लेकिन शिक्षक का कहीं कोई सुराग नहीं था।
गंडक नदी में खोजबीन तेज
घटना के बाद से परिजनों और स्थानीय लोगों में कोहराम मचा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि शिक्षक ने गंडक नदी में छलांग लगा दी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनो ने मकेर थाने की पुलिस को अवगत कराया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से बुधवार की अहले सुबह से ही गंडक नदी में गोताखोरों की मदद से खोजबीन अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक नदी में शिक्षक का सुराग पाने के लिए तलाश जारी है।




Recent Comments