दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते डीएम वैभव श्रीवास्तव

डीएम वैभव श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान पर दिया जोर

छपरा। विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के अंतर्गत लोकनायक जयप्रकाश इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी छपरा में मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं, शिकायतों और सुझावों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना था.

समस्या का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान प्रशासन और संस्थान की प्राथमिकता है. उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं उचित माध्यम से दर्ज कराने तथा उपलब्ध सुविधाओं का सकारात्मक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया.

जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान

एसएसपी रौशन कुमार ने भी विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अनुशासन, सुरक्षा एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने पर जोर दिया. प्राचार्य डॉ. बिमल कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर विद्यार्थियों और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.

छात्रों ने अधिकारियों से किया सीधा संवाद

कार्यक्रम में छपरा के एसडीएम नीतेश कुमार, जीपीआरओ छपरा सहित अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी उपस्थित थे. इस अवसर पर लगभग 400 छात्र-छात्राओं के साथ संस्थान के सभी संकाय सदस्य एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. विद्यार्थियों ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों से सीधे संवाद किया तथा अपनी-अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं सुझावों को उनके समक्ष रखा. विद्यार्थियों द्वारा समस्याओं को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से भी दर्ज कराया गया, ताकि प्रत्येक शिकायत का उचित संज्ञान लेकर उसका समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके.

मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने का भरोसा

विद्यार्थी सहयोग शिविर के माध्यम से शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षा, छात्रावास, पेयजल, शौचालय, कैंटीन सहित अन्य विद्यार्थी संबंधी समस्याओं पर सुनवाई की गई. शिविर में विद्यार्थियों को शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने के लिए उपलब्ध विभिन्न माध्यमों की जानकारी भी दी गई. अंत में संस्थान प्रशासन ने सभी प्रशासनिक पदाधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया. विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी, पदाधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद तथा ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से शिकायतों के पंजीकरण के कारण शिविर सफल एवं प्रभावी रहा.