फाइल फोटो

  • परिचय: मृतक शेखर सुमन (30) भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव के रहने वाले थे और नगरा प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय कोरेया में संगीत शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
  • घटना: मकेर थाना क्षेत्र स्थित दारोगा राय सेतु (रेवा पुल) से मंगलवार रात उन्होंने गंडक नदी में छलांग लगा दी थी।

राजेश उपाध्याय/दैनिक खोज खबर / भेल्दी (सारण)।

सारण जिले के मशहूर लोक गायक और संगीत शिक्षक शेखर सुमन का शव घटना के 36 घंटे बाद गुरुवार को गंडक नदी से बरामद कर लिया गया। मृतक शेखर सुमन भेल्दी थाना क्षेत्र के शोभेपुर गांव निवासी उपेंद्र राय के पुत्र थे।

मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात शेखर सुमन अपनी कार से छपरा-मुजफ्फरपुर एनएच-722 पर स्थित मकेर थाने के दारोगा राय सेतु पर पहुंचे और पुल पर कार खड़ी कर गंडक नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद बुधवार को एसडीआरएफ की टीम ने नदी में घंटो तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

गुरुवार को करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने मुहरिया के समीप एक शव को नदी में तैरते हुए देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त शेखर सुमन के रूप में की। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मकेर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।

कुछ समय से तनाव में थे शिक्षक

परिजनों ने बताया कि शेखर सुमन मंगलवार को घर से नेवता देने के लिए अपनी कार से निकले थे। देर रात तक जब वे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन फोन बंद आ रहा था। इसके बाद परिजन खोजबीन करते हुए रेवा पुल पर पहुंचे, जहां उनकी कार लावारिस हालत में खड़ी मिली और शेखर सुमन गायब थे। बताया जा रहा है कि कुछ महीने पहले वे एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, जिसके बाद से वे मानसिक तनाव में रह रहे थे।

रोते बिलखते परिजन

मां और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल

अपने इकलौते/छोटे पुत्र का शव देखते ही मां गुंजा देवी सुध-बुध खो बैठीं और बार-बार मूर्छित होकर गिर पड़ने लगीं। वहीं, उनके भाई अनिल यादव, राजेश यादव और पंकज यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। चार भाइयों में सबसे छोटे शेखर सुमन की इस तरह अचानक हुई मौत से पूरे शोभेपुर गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

संगीत जगत में शोक की लहर

अपनी बेहतरीन गायकी से सारण जिले का नाम रोशन करने वाले लोक गायक शेखर सुमन के निधन पर जिले के कलाकारों और संगीत प्रेमियों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। शोक व्यक्त करने वालों में भजन सुधा गायिका अल्पना मिश्रा, सनातनी चित्राली उपाध्याय, रामेश्वर गोप, गायक आलम राज, नरमुण्डा स्वामी, उत्कर्ष कुमार, मुकेश गिरी, सुकेश सवाली, बीरेन्द्र बिहारी, नागेंद्र निराला, मिनी तूफान, मुकेश राय, विकास राय, शिवजी राय और राजेन्द्र राय समेत कई अन्य लोग शामिल हैं। सभी ने इसे संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।