दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। मशरक प्रखंड कार्यालय परिसर में कृषि विभाग द्वारा शारदीय खरीफ कर्मशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं तथा वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना था। कर्मशाला का उद्घाटन बीडीओ पंकज कुमार, सीओ सुमंत कुमार एवं प्रखंड कृषि पदाधिकारी आशीष आनंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रखंड कृषि पदाधिकारी आशीष आनंद ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित किसानों का स्वागत किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अतिथियों एवं किसानों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई। कर्मशाला में किसानों को शारदीय खरीफ फसलों की उन्नत खेती, जैविक कृषि, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के उपाय, मिट्टी जांच के महत्व तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। कृषि विशेषज्ञों ने कहा कि मिट्टी जांच के आधार पर ही खाद एवं उर्वरकों का प्रयोग करने से उत्पादन लागत कम होती है और फसल की पैदावार बढ़ती है। इसके अलावा फसलों में लगने वाले विभिन्न रोगों एवं कीटों की पहचान, उनके नियंत्रण तथा समेकित कीट प्रबंधन की जानकारी भी किसानों को दी गई। विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी कि वे समय-समय पर खेतों का निरीक्षण करें और रोग या कीट के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर कृषि विभाग से संपर्क कर उचित उपचार अपनाएं। कर्मशाला में सरकार द्वारा संचालित कृषि यंत्रीकरण, बीज वितरण, जैविक खेती प्रोत्साहन, फसल बीमा योजना, किसान प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आय बढ़ाने की दिशा में कार्य करें। बीडीओ पंकज कुमार ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों को अपनाकर किसान अपनी उत्पादकता बढ़ा सकते हैं। वहीं सीओ सुमंत कुमार ने किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और कृषि विभाग के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की सलाह दी।