वीवी पैट का विशेष प्रशिक्षण सह डेमो वोटिंग का आयोजन, सैकड़ों लोगों ने मॉक पोल कर लिया प्रशिक्षण

छपरा. चुनाव आयोग मतदाताओं को चुनाव साक्षर बनाने और सशक्त मतदाता बनाने के लिए विशेष अभियान स्वीप चला रहा है. स्वीप के तहत शुक्रवार को जलालपुर प्रखंड में वीवी पैट का विशेष प्रशिक्षण सह डेमो वोटिंग का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण दो चरणों में आयोजित हुआ.

प्रथम चरण में बीएलओ, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों ने भाग लिया जबकि दूसरे चरण में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, प्रखंड कर्मी, आशा और आंगन बाडी कर्मी ने भाग लिया. प्रशिक्षण की शुरुआत बीडीओ अरविंद कुमार ने करते हुए बताया कि आगामी लोक सभा चुनाव में अब एक नई मशीन वीवी पैट का प्रयोग किया जाएगा.

वीवी पैट को हिंदी में मतदाता सत्यापित पेपर लेखापरीक्षा कहते हैं. इससे मतदाता अपने मत का परीक्षण करता है. वह पूर्ण रूप से संतुष्ट हो जाता है कि उसका वोट वहीं गया जहां उसने डाला. उन्होंने कर्मियों और शिक्षकों को वीवी पैट का वृहत प्रशिक्षण प्राप्त करने, उसका कनेक्शन सीखने और उसके एरर को ठीक से समझने व दूर करने की विधि सीखने की अपील की. कुल 350 लोगों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया और डेमो वोटिंग में हिस्सा लेकर अपने मतों का परीक्षण किया. कर्मियों ने वीवी पैट का कनेक्शन, ऑपरेशन और कार्य का पूर्ण प्रायोगिक प्रशिक्षण प्राप्त किया. प्रशिक्षण संचालन सुनील सिंह, नदीम अहमद और धर्मेन्द्र पांडेय ने किया. मौके पर अरुण कुमार गुप्ता, अखिलेश्वर पांडेय, देवन्ती देवी, आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे. जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी रौशन अली ने बताया कि अगला प्रशिक्षण 19 जनवरी को नगरा प्रखंड में आयोजित किया जाएगा.