वाराणसी मंडल पर यात्री सुविधा समिति ने किया दौरा, मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन का हुआ गहन निरीक्षण

वाराणसी;14 फरवरी2019:गुरुवार को पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल पर यात्री सुविधा समिति ने दौरा किया ।यात्री सुविधा समिति में चेयर मैन रमेश चन्द्र रत्न तथा सदस्यों में सुरेंद्र भगत,श्रीमती रेशमा हुसैन , के.के.विद्यार्थी एवं सत्यव्रत दत्त शामिल थे। इस समिति ने पूर्वाह्न मंडुवाडीह रेलवे स्टेशन का गहन निरीक्षण किया और स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने स्टेशन के फूड प्लाजा , फूड स्टाल , वाटर बूथ , वाटर ए टी एम, ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड, कोच गाइडेंस बोर्ड ,आर सी सी यात्री बेंच,प्लेटफार्म, पी पी शैल्टर एवं आर आर आई पैनल का निरीक्षण किया । इसके साथ ही उन्होंने मंडुवाडीह सेकेंड एंट्री पर नवनिर्मित स्टेशन भवन और उसमें स्थापित विभिन्न कक्षों ,यात्री प्रतीक्षालयों, वी आई पी लाउन्ज, एस्केलेटर सीढ़ी, लिफ्ट, रिसेप्शन हाल और उसमें स्थापित भारतीय शैली की कलाकृतियों व आर्टिफिशियल झरने का निरीक्षण किया और चार वर्षों में निर्मित उक्त सुविधाओं पर प्रसन्नता व्यक्त की और अधिकारियों के सामंजस्य की सराहना की।

इस अवसर पर यात्री सुविधा समिति के चेयरमैन रमेश चन्द्र रत्न ने मंडुवाडीह के साधारण यात्री हाल में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि भारतीय रेलवे के विभिन्न जोन और मंडलों के विभिन्न स्टेशनों पर विगत वर्षों बहुत से विकास कार्य हुए किन्तु मंडुवाडीह स्टेशन का विकास कार्य सबसे उत्कृष्ट और भव्य है । उन्होंने स्टेशन की साफ सफाई पर संतोष व्यक्त किया और सेकेंड एंट्री पर नवनिर्मित तालाब एवं फौवारे की सराहना की ।निरीक्षण के दूसरे चरण में यात्री सुविधा समिति एवं सदस्यों ने वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया । उन्होंने वाराणसी सिटी स्टेशन पर चल रहे यात्री सुविधाओं के विकास कार्यों, प्लेटफार्म उच्चीकरण, नए प्लेटफार्मो के निर्माण , फसाड ,फूड स्टाल ,वाटर बूथ ,वी आई पी लाउन्ज, महिला प्रतीक्षालय, पैदल उपरिगामी पूल के विस्तार का निरीक्षण किया ।इसके साथ ही समिति के सदस्यों ने सिटी स्टेशन एवं परिसर में साफ सफाई की व्यवस्था दुरुस्त करने और सभी निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने पर बल दिया । इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री वी के श्रीवास्तव,वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आर.सी.श्रीवास्तव,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) अजय वार्ष्णेय,वरिष्ठ मंडल सिग्नल व दूरसंचार इंजीनियर आशुतोष पांडेय,वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर एम.के.सिंह अन्य अधिकारी एवं पर्यवेक्षक भी उपस्थित थे।