
मोतिहारी: अगरवा मोहल्ला निवासी व्यवसायी ओमप्रकाश सिंह की हत्या परिवार में मचा कोहराम
[✍दैनिक खोज खबर सेन्ट्रल डेस्क:] मोतिहारी शहर के अगरवा मोहल्ला निवासी बालू व गिट्टी व्यवसायी ओमप्रकाश सिंह की हत्या के बाद उनके परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी सावित्री देवी सात साल के पुत्र को लेकर लगातार रो रही हैं। वहीं परिवार के लोग जहां व्यवसायी की पत्नी व बच्चे के भविष्य को लेकर चिंतित हैं। साथ ही इस घटना के बाद पूरा परिवार खौफ में है। सभी को इस घटना के पीछे गहरी साजिश की आशंका है। पत्नी लगातार विपाल कर रही हैं कि अब उनके परिवार का सहारा कौन होगा। कौन परिवार संभालेगा। नात-रिश्तेदार सभी उन्हें संभालने में लगे हैं।
बताया गया है कि संग्रामपुर के मधबुनी के मूल निवासी व्यवसायी ओमप्रकाश कई सालों से शहर में व्यवसाय कर परिवार को बेहतर जीवन देने का जुगत में लगे थे। अगरवा मोहल्ला अपना आवास बनाकर रह रहे थे। यहां रहकर पुत्र पियूष को पढ़ाते थे। इस दौरान हमेशा कोशिश यह रहती थी कि पत्नी व बच्चे को बेहतर जीवन मिले। पत्नी सावित्री देवी पति व परिवार के प्रभाव की बदौलत अपने पंचायत की सरपंच भी थीं।
जानकार बताते हैं कि व्यवसायी अपने व्यवसाय को लेकर ईमानदार थे। इस दौरान उनका किसी से कोई विवाद सामने नहीं आया था। बताया गया है कि वे रुपयों का लेन-देन करते थे। उनके लाखों रुपये किसी के पास थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि कहीं रुपयों को लेकर तो हत्या नहीं की गई। पत्नी ने पुलिस को एक व्यक्ति का नाम बताया है। पुलिस उस नाम को गोपनीय रखकर जांच कर रही है। पुलिस का कहना हैकि स्व. सिंह का सेलफोन मिलने के बाद कई बातें साफ होंगी।
ओमप्रकाश की हत्या की सूचना जंगल के आग की तरह पूरे शहर में फैली। लोगों की भीड़ सदर अस्पताल में व्यवसायी को देखने के लिए उमड़ पड़ी। मौके पर उमड़ी भीड़ घटना को लेकर तरह-तरह की आशंका व्यक्त कर रही थी।
कोई इसे राजनीतिक विवाद बता रहा था तो कोई लेन-देन का मामला। पुलिस सभी बिंदुओ पर जांच कर रही है। हालांकि समाचार प्रेषण तक घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए थे। मौके पर नगर थाना के पुलिस निरीक्षक आनंद कुमार, दारोगा नागेंद्र सहनी, तुरकौलिया थानाध्यक्ष अखिलेश्वर मिश्रा मौजूद थे।




Recent Comments