मैनेजमेंट से विधायक तक की सफर तय की हैं शालिनी मिश्रा

पटना(अनूप नारायण सिंह)। पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया से विधायक निर्वाचित हुई हैं शालिनी मिश्रा। पहली बार निर्वाचित हुई हैं। राजनीति उन्‍हें विरासत में मिली है। उनके पिता कमला मिश्र मधुकर कई बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। वे कम्युनिस्‍ट पार्टी से जुड़े हुए थे, जबकि शालिनी मिश्रा जदयू से विधायक बनी हैं।अरनव मिडिया नेटवर्क के साथ बातचीत में उन्‍होंने अपने कैरियर की चर्चा करते हुए कहा कि 1998 में बहुराष्‍ट्रीय कंपनी के साथ नौकरी की शुरुआत की थी और लगभग 22 वर्षों की नौकरी के बाद विधान सभा चुनाव में उतरीं और विधायक बनीं। करीब दो साल पहले कम्‍युनिस्‍ट पार्टी छोड़कर जदयू की सदस्‍यता ली थीं। जदयू नेतृत्‍व ने उन पर भरोसा करके टिकट दिया और वे सफल भी हुईं। मैनेजमेंट में पोस्‍ट ग्रेजुएट की शिक्षा हासिल कर बहुराष्‍ट्रीय कंपनियों में कई बड़े पदों तक पहुंची शालिनी मिश्रा कहती हैं कि राजनीति भी एक तरह का मैनेजमेंट है। लोगों के साथ, अधिकारियों के साथ, सरकार के साथ मिलकर जनता के लिए अधिकाधिक काम करवाना भी मैनेजमेंट कौशल है। बड़ी कंपनियों का अनुभव राजनीति के क्षेत्र में भी काम आयेगा।विधायक बनने के बाद उन्‍होंने अपने क्षेत्र में विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में जुट गयी हैं। उनके निर्देश पर हर बुधवार को विभिन्‍न गांवों में ग्राम विकास शिविर का आयोजन किया जाता है। इसमें निर्धारित जगहों पर अधिकारी और कर्मचारी पहुंचते हैं और जनता की समस्‍याओं को सुनते हैं। इन शिविरों में शालिनी मिश्रा खुद पहुंचती हैं और विकास योजनाओं की समीक्षा करती हैं।वे कहती हैं कि पिता पूर्व सांसद कमला मिश्र मधुकर से ही सामाजिक कार्यों की प्रेरणा मिली। शुरू से राजनीतिक माहौल था। इसलिए जनसमस्‍याओं और जनसरोकार को करीब से देखने-समझने का मौका मिला। विधायक के रूप में जनता की सेवा करना ही प्राथमिकता रहेगी। वे कहती हैं कि विधान सभा सदस्‍य के रूप में मिली जिम्‍मेवारी को सेवा का सर्वोच्‍च माध्यम बना लें, यही संकल्‍प है। विधान सभा की महिला और बाल कल्‍याण समिति की सदस्‍य के रूप में परिवार कल्‍याण के कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगी। मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति अपनी आस्‍था व्‍यक्‍त करते हुए कहती हैं कि मुख्‍यमंत्री बिहार के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और उनके विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना प्राथमिकता होगी।