मांझी(सारण)। हत्या व लूट के शिकार दाउदपुर के सीएसपी संचालक मुकेश कुमार गुप्ता के पिता महेश साह ने एकमा थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया था। जिनमे से 3 लोगों को पूछताछ करके छोड़ दिया गया। दो लोगों से अभी भी पूछताछ की जा रही है। इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने मंगलवार को दाउदपुर में मृतक के पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी। वहीं घटना की तीव्र निंदा करते हुए गहरा दुख प्रकट किया। इस दौरान जानकारी मिलने पर ग्राहक सेवा केन्द्र के जिलाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में संचालकों ने सांसद सिग्रीवाल का घेराव किया और सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जाहिर की। साथ हीं स्पष्ट किया कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नही होगी जिले का कोई भी सीएसपी संचालित नही किया जाएगा। इस पर सांसद ने भरोसा दिलाते हुए सारण रेंज के डीआईजी से फोन पर बात-चीत की और मामले के शीघ्र उद्भेदन के लिए एक स्पेशल एसआईटी की टीम के गठन करने को कहा। वहीं पुलिस कमिश्नर से बात कर बढ़ती लूट व हत्या की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए एकमा एवं दाउदपुर के बीच एक पुलिस पिकेट बनाने की मांग की। जिस पर कमिशनर ने भी सहमति जताई। पुलिस कमिश्नर ने बुधवार को एक बैठक करने की बात कही। जिसमें जिले के सभी सीएसपी संचालकों को आमंत्रित किया है। बैठक मे रुपये के उठाव व लेन-देन के दौरान एहतियात व सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाये जाने पर चर्चा की जाएगी। मौके पर सीएसपी संगठन के महासचिव अमर कुमार साह, संयोजक मंटू सिंह, मनोज राय, संतोष राय आदि मौजूद थे। बता दें कि सोमवार को एकमा एसबीआई से 6 लाख रुपये की निकासी कर लौट रहे दाउदपुर के सीएसपी संचालक मुकेश कुमार गुप्ता की गोली मार कर हत्या के बाद बाइक सवार अपराधियों ने रुपये लूट लिए थे। सांसद के साथ परिजनों से मिलने गए लोगों में शारदानंद सिंह हेमनारायण सिंह तथा मनोज पाण्डेय आदि शामिल थे।