मीरगंज में मना प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय का 12वां वार्षिकोत्सव

उचकागांव (गोपालगंज) मीरगंज शहर के प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सेवा केन्द्र का 12 वां वार्षिकोत्सव बुधवार को समारोह पूर्वक मनाया गया। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पंचायत के उपाध्यक्ष धनंजय यादव ने दीप जलाकर किया। इस अवसर पर योग अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें लोगों ने योग साधना की शिक्षा ग्रहण की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पंचायत के उपाध्यक्ष धनंजय यादव व सेवा केन्द्र की प्रभारी बहन सुनीता ने केक काट कर स्थापना दिवस की यादें साझा की। इसके बाद ब्रह्मा वत्सों को ईश्वरीय सौगात प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रभारी बहन सुनीता ने कहा कि जीवन एक यात्रा है। इसमें न ही किसी व्यक्ति को दु:ख देना है और न ही किसी का दु:ख लेना है। लोगों को शांति चाहिए। इसलिए वैसा ही व्यवहार करना चाहिए जिससे लोगों को सकून व शांति मिल सके। उन्होंने कहा कि शांति, पवित्रता, धैर्यता, नम्रता, सहनशीलता ये सभी मनुष्य जीवन के आभूषण है। इन सभी का धारण करना ही मनुष्यता है। वहीं गोपालगंज सेवा केन्द्र की प्रभारी वीके अंगूर बहन ने कहा कि तनाव से बचने के लिए मनुष्य को वह सोचना चाहिए कि जो हो रहा है वह अच्छा हो रहा है। साथ ही जो होगा वह भी अच्छा ही होगा। इससे व्यर्थ संकल्पों से बचने की शक्ति मिलती है। जबकि बहन अनिता ने कहा कि सेवा केन्द्र की स्थापना आज से बारह वर्ष पूर्व की गई थी। केन्द्र अपनी 12वीं वार्षिकोत्सव मना रहा है। दुनिया के 145 देशों में सेवा केन्द्र के द्वारा विश्व को एक नई दिशा देने का कार्य किया जा रहा है। मौके पर ब्रह्मा कुमार विनोद, कांति बहन, अनिता, सुनीता, रूबी, उर्मिला, पूनम, रंजीत, मालती, बूचन, श्यामपति, कौश्लया, टूनटून, संतोष, अमरदेव, रामनाथ, सीधदेव पांडेय, राजेन्द्र, फूलझरी, रामनाथ आदि उपस्थित थे।