मांझी(सारण)। प्रखंड क्षेत्र में छिट-फुट घटनाओं को छोड़ कर रविवार को 21 पैक्सों के लिए चुनाव शांति पूर्वक सम्पन्न हो गया। मौसम ठंढ़ा होने के बावजूद मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। सुबह 7 बजे से हीं बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी। हालांकि दोपहर में उनकी संख्या कम हो गई। मतदान में करीब 55 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।शांति-व्यवस्था बनाये रखने को लेकर बूथों पर पुलिस बल की पर्याप्त व्यवस्था की गई थी।

वहीं मांझी थानाध्यक्ष नीरज कुमार मिश्रा व दाउदपुर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी के नेतृत्व में चौपहिया वाहन सहित दो-पहिया वाहनों से भी पुलिस पेट्रोलिंग करती नजर आई। एसडीपीओ अजय कुमार सिंह समेत कई पदाधिकारियों ने भी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बूथों दौरा किया और स्थिति की जानकारी ली। एसपी हरकिशोर राय ने भी एकमा के बाद मांझी प्रखंड क्षेत्र का भ्रमण किया। गोबरही, ताजपुर, चेंफुल, व घोरहट पंचायत में हल्की झड़प की बात बताई जाती है। घोरहट पंचायत के बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतार के कारण 3 बजे तक के बजाय देर शाम तक मतदान हुआ।