मांझी(सारण)। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मंगलवार को परिवार नियोजन एवं जनसंख्या नियंत्रण मेला का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोहित कुमार ने किया। इस मौके पर उन्होंने परिवार नियोजन स्थायी एवं अस्थायी उपायों की जानकारी दी। वहीं खुशहाल परिवार, समाज एवं देश के निर्माण में इसके दूरगामी परिणाम की विस्तृत चर्चा की। डॉ.रोहित कुमार ने कहा कि छोटा परिवार सुखी परिवार के परिकल्पना को हर घर में अपनाने की जरूरत है। परिवार नियोजन के लिए महिलाओं के साथ पुरुष को भी जागरूक होने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बड़े परिवार एवं बढ़ती जनसंख्या का दुष्परिणाम सभी जानते हैं। जल, जमीन एवं प्राकृतिक संसाधन सीमित है। ऐसी स्थिति में बढ़ती जनसख्या को भविष्य में प्रकृति पर हम बोझ न बनने दें। परिवार नियोजन मेला में प्रदर्शनी के माध्यम से भी लोगों को जागरूक किया गया। मौके पर स्वास्थ्य प्रबंधक विश्वजीत कुमार, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक विवेक कुमार ब्याहुत, स्वास्थ्य प्रशिक्षक जहीर अहमद, परिवार नियोजन समन्यवयक प्रेमा कुमारी, प्रखंड प्रबंधक केयर इंडिया सुकेश कुमार, बीएमसी यूनिसेफ राघवेंद्र मिश्रा सहित सभी एएनएम व आशा फैसिलेटर व स्वास्थ्य-कर्मी मौजूद थे।