महाशिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में शिवभक्तों की भीड़

संजय विजित्वर(हाजीपुर)- जी हां, महाशिवरात्रि के अवसर पर आज प्रातः काल से ही शिव भक्तों की अपार भीड़ हाजीपुर के विभिन्न शिवालयों में दिखाई पर रही है। शिवभक्त बाबा भोले पर जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक करते दिखाई पड़ रहे हैं। बहुत से शिव भक्त महाशिवरात्रि व्रत भी करते हैं। बताते चलें कि हाजीपुर में कई शिवालय हैं जिनमें अति प्राचीन शहर के दक्षिण-पू्र्व दिशा में गंडक के समीप पातालेश्वर स्थान , प्राचीन गौरी शंकर मंदिर, राजेन्द्र चौक स्थित त्रिलोकीनाथ मंदिर, गांधी चौक स्थित नागेश्वर नाथ मंदिर,अनवरपुर चौक स्थित शिव मंदिर तथा हाजीपुर रेलवे जंक्शन परिसर स्थित शिव मंदिर प्रमुख हैं। हाजीपुर का पातालेश्वर स्थान प्राचीन मंदिरों में से एक है, जहां से महाशिवरात्रि के अवसर पर भगवान शिव की बारात निकलती है और शहर में घूमती है। वैशाली जिला के लिए यह बड़ा ही उत्सवी माहौल होता है जिसमें दिन के लगभग 11 बजे से ही सड़कों पर जिले वासी की अपार भीड़ दिखाई पड़ती है जिसमें महिला, पुरुष, बच्चे ,बुजुर्ग होते हैं और अपने कौतूहल नेत्रों से बाबा भोले की बारात का दर्शन करते हैं । यह भी उल्लेखनीय है कि इस अवसर पर भोलेनाथ की बारात में विभिन्न प्रकार की झांकियों में भूत,प्रेत तथा विभिन्न देवी देवताओं के स्वरूप दिखाए जाते है ।बैंड पार्टी भी दिखाई पड़ती है।इस अवसर पर प्रस्तुत की गई उत्कृष्ट झांकियों को पुरस्कृत भी किया जाता है ।जिला प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाते हैं ताकि किसी को भी किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होने पाए। पिछले कई वर्षों से बाबा भोलेनाथ की निकलने वाली बारात में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय बैलगाड़ी का गाड़ीवान बनते हैं। इस बार उनके साथ हाजीपुर विधायक अवधेश सिंह भी साथ बैठे नजर आये ।दूसरी ओर वैशाली जिला में हाजीपुर-जंदाहा मार्ग पर पूर्व-उत्तर दिशा में हाजीपुर से लगभग 25किलोमीटर की दूरी पर स्थित धंधुआ ग्राम में महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा बटेश्वर नाथ मंदिर है जहां पर महाशिवरात्रि के अवसर पर मेला भी लगता है। यहां पर लगने वाला मेला तेजपत्ता तथा काष्ठ- निर्मित वस्तुओं के लिए विख्यात माना जाता है।