भिखारी ठाकुर की पुण्यतिथि पर पटना के बिहार म्यूजियम में बिहारनामा के नाम से लगेगी चौपाल, सजेगी लोक संगीत की
महफिल

👉 “बिहारनामा” में बिहार की संगीत परंपरा पर व्याख्यान देंगे नॉर्वे से आ रहे मशहूर चिकित्सक—लेखक प्रवीण झा, लोकगीतों में स्त्रियों के मजबूत स्वरवाले विशेष गीतों का गायन करेंगी लोकगायिका चंदन तिवारी, भिखारी ठाकुर की रचनाओं में महिलाओं के स्वर पर तैयब हुसैन व ह्रषिकेश सुलभ का संवाद होगा ।👈

💢भिखारी ठाकुर की पुण्यतिथि यानी बुधवार, दस जुलाई को बिहार की राजधानी पटना में “बिहारनामा ” के नाम से विशेष आयोजन होनेवाला है. लोकराग का यह आयोजन भोजपुरी सांस्कृतिक संगठन “आखर” के सौजन्य व बिहार म्यूजियम के विशेष सहयोग से हो रहा है। इस आयोजन में भाग लेने व विशेष व्याख्यान देने के लिए नॉर्वे में रहनेवाले भारतीय मूल के चिकित्सक व प्रसिद्ध लेखक, संगीत अध्येता डॉ प्रवीण झा पटना आ रहे हैं। डॉ प्रवीण झा का व्याख्यान बिहार में संगीत परंपरा और भारतीय संगीत में बिहार के योगदान पर होगा।

लोकराग के बिहार संयोजक यशवंत मिश्रा ने बताया कि डॉ प्रवीण झा अभी गिरमिटिया मजदूरों व अप्रवासी भारतीयों पर लिखी अपनी नयी किताब कुली लाइंस की वजह से दुनिया भर में चरचे में हैं। उनकी अगली किताब संगीत पर आनेवाली है। इस आयोजन में पुरबियातान फेम गायिका सुश्री चंदन तिवारी अपनी टीम के साथ विशेष गीतों का गायन करनेवाली हैं। वह भिखारी ठाकुर के गीतों का तो गायन करेंगी ही, उस बहाने लोकगीतों की परंपरा में जो स्त्री नायिकाएं रही हैं या कि बिहारी लोकगीतों में जो स्त्री का स्वर व पक्ष रहा है, वैसे गीतों का विशेष गायन करेंगी ।

श्री मिश्रा ने बताया कि यह विशेष आयोजन बिहारनामा के नाम से आयोजित किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि भिखारी ठाकुर की पुण्यतिथि पर आयोजित हो रहे इस विशेष आयोजन में भिखारी ठाकुर की रचनाओं में स्त्रियों के स्वर व पक्ष पर एक विशेष संवाद सत्र भी रखा गया है । इस बतकही की चौपाल में होनेवाले इस सत्र में विशेषज्ञ के तोर पर भिखारी ठाकुर के अध्येता तैयब हुसैन पीड़ित और मशहूर कथाकार ह्रषिकेश सुलभ से बातचीत होगी । इस बतकही का संचालन करेंगे आखर के प्रमुख स्तंभ भोजपुरी के उभरते हुए कवि, लेखक व आलोचक , सीवान के पंजवार निवासी संजय सिंह । वही इस सत्र में अतिथियों के द्वारा श्रोताओं के सवाल का भी जवाब भी दिया जाएगा ।
श्री मिश्र ने बताया कि इस आयोजन में भाग लेने के लिए बिहार के अलग—अलग हिस्से से लोगों के पहुंचने की संभावना है।
••••••••••
रिपोर्ट : नवीन सिंह परमार
By- परमार मीडिया