लौरिया से राकेश पाण्डेय की रिपोर्ट ।
प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत श्रेया इंडेन गैस एजेंसी के प्रबंधक अखिल पाण्डेय की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन बसवरिया पंचायत के उच्च विद्यालय में किया गया । जहाँ एक सौ गैस कनेक्शन एक सौ परिवारों के बीच मुफ्त में वितरित किया गया । गैस के रखरखाव तथा इसके उपयोग के बारे में विस्तार से चर्चा की गई । वाल्मीकिनगर सांसद सतीश चंद्र दूबे ने केंद्र सरकार द्वारा चलाये जा रहे कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी । अपने लंबे वक्तव्य में श्री दुबे ने बताया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब पेट्रोलियम गैस सम्भ्रांत परिवार में हुआ करता था । आज आलम यह है, कि समाज के पिछड़ा वर्ग /अति पिछड़ा वर्ग तथा ओबीसी के परिवार को भी रसोई गैस आसानी से उपलब्ध कराने को केन्द्र सरकार कटिबद्ध है ।
अब खाना बनाने के लिए लकड़ी नहीं चुनना पड़ेगा । असमय किसी माँ -बहन को कोई रोग नहीं होगा । इस रसोई गैस के लिए सिक्युरिटी मनी माफ है, लेकिन लाभुक को चुल्हा व पहले गैस की कीमत चुकानी होगी । जो परिवार यह राशि देने में सक्षम है, उन्हें कोई परेशानी नहीं है । वहीं अगर वह इसे देने की स्थिति में नहीं है, तो उन्हें यह ॠण पर मिलेगा । ॠण की राशि लाभुक के सब्सिडी राशि में कटौती होगी । इसका मतलब यह है कि जबतक उनका ॠण सब्सिडी से नहीं खत्म हो जाता तबतक उन्हें सब्सिडी की राशि नहीं मिल पायेगी । वहीं कागजात के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए प्रखंड प्रमुख शंभू तिवारी ने बताया कि लाभुक जिस केटेगरी से आते हैं, उसका प्रमाण पत्र आवेदन के साथ देना होगा । उनके प्रमाणपत्र की जाँच ऑनलाइन व स्थानीय प्रशासन से किये जाने के बाद कनेक्शन मुहैया होगा । लाभुक को इसके अलावा आधार कार्ड, घर की महिला प्रधान व अन्य सदस्यों का बैंक अकाउंट की फोटोकॉपी तथा फोटो एजेंसी में जमा करना होगा । मौके पर पैक्स अध्यक्ष विनय कुमार पाण्डेय, विनोद राम (मुखिया ),भाजपा के प्रखंड अध्यक्ष रमेश सिंह, जिला किसान मोर्चा के अध्यक्ष पवन वर्मा एवं विनोद मिश्र उपस्थित रहे ।