फाईलेरिया से होने वाली अपंगता से बचने को जरूर लें डीइसी व एलवेंडाजोल की गोली: नगर आयुक्त
  

  • जीविका , आइसीडीएस तथा जिला कल्याण विभाग ने भी की अपील 
  • रेलवे प्लेटफार्म पर भी की जा रही अनाउंसमेंट 

मुजफ्फरपुर। 18 सितंबर 
फाइलेरिया उन्मूलन के लिए मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में सोमवार से शुरू होने वाले सर्वजन दवा कार्यक्रम की सफलता के लिए जिले वासी आगे आएं। यह एक ऐसी बीमारी है जो हमें या आपको जीवन भर के लिए अपंग बना दे। इस बीमारी का बचाव संभव है और वह एमडीए के तहत खिलाए जाने वाले डीईसी और एलवेंडाजोल की गोली खाकर ही है। ये बातें शनिवार को नगर आयुक्त विवेक रंजन मैत्रेय ने कही। वहीं सर्वजन दवा सेवन की सफलता के लिए सिविल सर्जन डॉ विनय कुमार शर्मा ने तीन ऑटो रिक्शा को सदर अस्पताल से हरी झंडी दिखाई। यह ऑटो पीसीआई के द्वारा प्रबंधित किया गया है। यह प्रचार ऑटो रथ शहर के प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों को एमडीए के तरह दवा खाने के लिए प्रेरित करेगी। सर्वजन दवा कार्यक्रम के बारे में जिला भीबीडीसी पदाधिकारी डॉ सतीश कुमार ने कहा कि अगर आप चाहते हैं कि आपको फाईलेरिया जैसी बीमारी कभी नहीं हो तो 20 तारीख से शुरू होने वाले सर्वजन दवा कार्यक्रम के तहत डीईसी एवं एलवेंडाजोल की गोली अवश्य खाएं। इन दवाईयों के लगातार पांच वर्ष के सेवन से कभी भी फाइलेरिया से ग्रसित नहीं होगें। इस अंतराल में अगर आपमें फाइलेरिया के परजीवी होने पर भी वे स्वत: नष्ट हो जाते हैं। फाइलेरिया से बचाव का यही एकमात्र रास्ता है। 
डीपीओ आइसीडीएस ने भी की अपील 
एक वीडियो के माध्यम से आइसीडीएस की डीपीओ चांदनी सिंह ने जीविका, आंगनबाड़ी सेविका और सहायिका सभी अपील की है कि वे सभी सर्वजन दवा कार्यक्रम को सफल बनाने में अपना सहयोग दें। चांदनी सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम में आशा दीदी आपके घर जाएगी और अपने सामने आपको दवा खिलाएगी। दवा आपको चबाकर खाना है। खाली पेट दवा का सेवन नहीं करना है।  
सभी विभागों का मिल रहा साथ 
एमडीए कार्यक्रम को सफल बनाने में जिले के विभिन्न पदाधिकारियों तथा विभागों का साथ मिल रहा है। फाइलेरिया की दवा खाने को मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन ने भी अपना कदम आगे बढ़ाया है जिसमें स्टेशन पर अनाउंसमेंट के द्वारा लोगों से डीईसी और एलवेंडाजोल की दवा खाने की अपील की जा रही है। वहीं किशोर सुधार गृह के सुपरिटेंडेंट गोपाल कुमार चौधरी, जीविका डीपीएम अनीशा गांगुली, जिला कल्याण पदाधिकारी विजय कुमार सहित अन्य विभागों ने भी एमडीए कार्यक्रम को सफल बनाने की लोगों से अपील की है।