
मांझी। जयप्रभा सेतु के रास्ते यूपी से मांझी पहुंचने वाले भूखे प्यासे परेशान प्रवासियों को भोजन पानी व जरूरी सुविधा उपलब्ध कराने में जुटे हैं मांझी के युवक।
उत्साही समाजसेवी दुकानदार व पत्रकार तथा पुलिस कर्मियों के सहयोग से चूड़ा गुड़ बिस्किट पूड़ी सब्जी चावल दाल लिट्टी चोखा आदि अनवरत उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़े क्रिकेटर उमेश कुमार सिंह मुकेश सिंह मनीष सिंह विवेक सिंह पिंटू कुमार रंजन सिंह भोला साह बच्चा साह आदि द्वारा विधिवत भंडारा चलाया जा रहा है। उधर मझनपुरा पेट्रोल पंप के समीप स्थित बसंत सिंह के ढाबे पर मुखिया पति बुलबुल मिश्रा आदि मित्रमण्डली के सहयोग से प्रवासियों को अनवरत भोजन पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। बलिया मोड़ पर रात्रि में पहुंच रहे प्रवासियों के लिए बाबा मधेश्वर नाथ सेवा समिति व मुखिया प्रतिनिधि राहुल गुप्ता के सौजन्य से भोजन के पैकेट वितरित किये जा रहे हैं। प्रवासियों के सहयोग में लगे समाजसेवियों ने बताया कि प्रतिदिन ढाई तीन हजार प्रवासी यूपी के रास्ते आ रहे हैं। स्थानीय दुकानदारों व ग्रामीणों ने प्रवासियों के लिए पानी का टैंकर तथा मांझी से उनके गंतब्य तक पहुंचाने के लिए वाहन उपलब्ध कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यूपी की सीमा से आ रहे महिला पुरुष व बच्चों को यूपी सरकार द्वारा बस की सुविधा प्रदान की जा रही है। परंतु सारण जिला प्रशासन द्वारा कथित रूप से प्रवासियों की घोर उपेक्षा की जा रही है। इस सम्बंध में पूछे जाने पर सीओ दिलीप कुमार ने बताया कि दूसरे प्रदेश से आने वाले प्रवासियों के लिए मांझी को इंट्री प्वाइंट के रूप में जिला प्रशासन द्वारा चयनित नही किया गया है। चयनित इंट्री प्वाइंट पर यातायात आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मांझी के रास्ते प्रवासियों के बिहार में प्रवेश पर रोक है। इस बीच कल मांझी पधारे सारण जिला भाजपाध्यक्ष रामदयाल शर्मा ने सारण के डीएम सुब्रत सेन को फोन कर मांझी पहुंच रहे प्रवासियों को आवागमन तथा भोजन पानी की ब्यवस्था करने की मांग की है।




Recent Comments