सात दिवसीय शिविर में योग भी सीख रहे मरीज

छपरा। शहर के रामकृष्ण मिशन आश्रम में चल रहे सात दिवसीय निःशुल्क आयुर्वेदिक चिकित्सा एवं योग शिविर में विभिन्न बीमारियों का इलाज कराने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. शिविर के पांचवे दिन गठिया, खांसी, सर्दी, शुगर व चर्म रोग के 137 मरीजों का इलाज हुआ. शिविर के संयोजक आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ राजेश रंजन ने बताया कि सभी मरीजों को चिकित्सकीय सलाह के साथ दवा दी गयी. वहीं जांच के साथ ही योग के माध्यम से निरोग रहने की जानकारी भी मरीजों को दी जा रही है. योग प्रशिक्षिका अनामिका कुमारी द्वारा शिविर में आये लोगों को आसान व प्राणायाम की जानकारी मिल रही है. अनामिका ने बताया कि लोगों को अनिवार्य रूप से अपनी दिनचर्या में योग को अपनाना चाहिये. शिविर का समापन 27 सितंबर सोमवार को होगा.