तरैया,(सारण)। थाना क्षेत्र के भलुआ शंकरडीह गांव में मंगलवार की सुबह में धारा प्रवाहित विद्युत तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई है। मृतक भलुआ शंकरडीह गांव निवासी परशुराम पंडित का 35 वर्षीय पुत्र रमेश कुमार पंडित बताया गया है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि रमेश सुबह में अपने घर पर मोटर का तार जोड़ रहे थे इसी दौरान वह धारा प्रवाहित विद्युत तार की चपेट में आ गए और अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। आनन-फानन में परिजनों ने उन्हें उठाकर तत्काल रेफरेल अस्पताल तरैया में पहुंचा। जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन स्थिति अत्यधिक गंभीर हो जाने के कारण परिजन उन्हें मढ़ौरा रेफरल अस्पताल में ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक की पत्नी राधा देवी, पुत्र ऋषव कुमार 5 वर्ष, अवरुद्ध कुमार 2 वर्ष, माता किशोरी देवी, पिता परशुराम पंडित, भाई मुसाफिर पंडित, समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो रोकर बुरा हाल है। रमेश हैदराबाद में किसी फैक्ट्री में इलेक्ट्रिक इंजीनियर के पद पर तैनात था वह तीन दिन पहले ही हैदराबाद से छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। इधर घटना की सूचना मिलते ही तरैया थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया तथा आगें की कार्रवाई में जुट गई हैं।