दैनिक खोज खबर/जलालपुर (सारण)। जलालपुर के महेंद्र सिंह चौक स्थित पूर्वी धुन सम्राट पंडित महेंद्र मिश्र के स्मारक वाले गोलंबर को सोमवार की देर रात एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद महेंद्र मिश्र स्मारक समिति के सदस्यों में आक्रोश है। समिति ने जलालपुर थाना में लिखित आवेदन देकर दोषी वाहन की पहचान कर कार्रवाई और गोलंबर की मरम्मत कराने की मांग की है।

स्मारक समिति के सदस्यों ने बताया कि इससे पहले भी पांच से सात बार ट्रकों की टक्कर से गोलंबर क्षतिग्रस्त हो चुका है। उनका कहना है कि पूर्व में ऐसे मामलों में पुलिस संबंधित ट्रक को जब्त कर वाहन मालिक से गोलंबर की मरम्मत कराने के बाद ही छोड़ती थी। इस बार अभी तक न तो वाहन की पहचान हो सकी और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जानकारी मिली।

समिति का आरोप है कि जलालपुर चौक पर रात में पुलिस गश्ती रहती है और चौक के आसपास प्रशासनिक वाहन भी मौजूद रहते हैं। इसके अलावा सांसद के प्रयास से हाल ही में चौक पर हाईमास्ट लाइट भी लगाई गई है। ऐसे में पर्याप्त रोशनी रहने के बावजूद ट्रक टक्कर मारकर फरार हो गया। आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर भी अब तक वाहन की पहचान नहीं हो सकी है।

स्मारक समिति के सदस्य नागेंद्र राय, विवेकानंद तिवारी,पं रामनाथ मिश्रा, मनोज मिश्रा, धर्मेंद्र मिश्र काका, कन्हैया सिंह तूफानी सहित अन्य लोगों ने कहा कि प्रशासन को अविलंब दोषी वाहन की पहचान कर चालक के विरुद्ध कार्रवाई करनी चाहिए तथा क्षतिग्रस्त गोलंबर की शीघ्र मरम्मत करानी चाहिए।