
दरियापुर (सारण)। बुधवार को सारण जिले के दरियापुर प्रखंड अंतर्गत दरिहारा में नवनिर्मित राजकीय डिग्री कॉलेज का भव्य उद्घाटन हुआ। बिहार के उपमुख्यमंत्री सह सारण जिला प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने फीता काटकर कॉलेज को छात्र-छात्राओं के लिए समर्पित किया।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि का आगमन होते ही सारण पुलिस द्वारा उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ प्रदान किया गया। इससे पूर्व, सरैया ढाला पर भाजपा नेता राकेश कुमार सिंह और मुखिया प्रतिनिधि अजीत सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गाजे-बाजे के साथ उपमुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह डिग्री कॉलेज इस क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा का एक नया केंद्र साबित होगा। अब युवाओं को उच्च शिक्षा ग्रहण करने के लिए दूर-दराज के इलाकों में नहीं जाना पड़ेगा। इस ऐतिहासिक अवसर पर एमएलसी वीरेंद्र नारायण यादव, जेपी यूनिवर्सिटी के कुलपति परमेंद्र वाजपेयी, जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी संजय कुमार, भाजपा नेता सह सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, परसा विधायक करिश्मा राय, सोनपुर एसडीओ व डीएसपी, दरियापुर अंचल अधिकारी सहित पूर्वी मंडल अध्यक्ष रामानंद सिंह, राजू सिंह, प्रिंस सिंह, सुमंत बाबा और सरपंच प्रतिनिधि राजेश सिंह आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और आम नागरिक भी मौजूद रहे।




Recent Comments