
इसुआपुर(सारण)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शामकौरिया गांव के भारतीय सेना में तैनात 38 वर्षीय नायक सूबेदार रणधीर सिंह की असामयिक मौत ट्रेन से कटकर हो गई। वे कमांड हॉस्पिटल चंडीगढ़ में कार्यरत थे। होली की छुट्टी में शामकौरिया स्थित अपने गांव आ रहे थे। इसी बीच सोमवार की रात ट्रेन से उतरने के दौरान उनका पैर फिसल गया। जिससे वे बुरी तरह जख्मी हो गए। गंभीर रूप से जख्मी सैनिक को स्थानीय उपचार के बाद दानापुर मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। दानापुर से बिहार रेजीमेंट के सैनिकों ने राजकीय सम्मान के साथ तिरंगे में लिपटे ताबूत में सैनिक के शव को गांव लाए। शव के साथ दर्जनों चार पहिया तथा दुपहिया वाहनों से सैकड़ों लोग वंदे मातरम, भारत माता की जय, रणधीर सिंह अमर रहें के नारों के साथ गांव पहुंचे। जहां सैनिकों ने अपने दिवंगत साथी को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। वहीं चीख-पुकार करते लड़खराती पत्नी रिंकी देवी ने भी दिवंगत पति को सैनिक सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। स्थानीय बीजेपी विधायक सह बिहार विधानसभा में विरोधी दल के उप मुख्य सचेतक जनक सिंह, भाजपा नेता धीरज सिंह, सतीश श्रीवास्तव, डॉ योगेंद्र प्रसाद समेत दर्जनों लोगों ने सैनिक के पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। माता प्रभावती देवी, पत्नी रिंकी देवी, 13 वर्षीय पुत्र रौनक तथा 11 वर्षीया पुत्री रैना का रो-रो के हाल बुरा था। वहीं आंखों में आंसू लिए बड़े भाई रंजीत सिंह उर्फ लोहा सिंह व अन्य लोग शोक संतप्त परिजनों को संभाल रहे थे तथा उनका ढांढ़स बंधा रहे थे।




Recent Comments