छपरा ।  सोमवार को स्वामी विवेकानंद संघ, कोहबरवॉ के प्रांगण में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से एक विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष हृदय रोग विशेषज्ञ  डॉ. राजीव रंजन   के द्वारा आम, लीची, कटहल, चीकू एवं अशोक जैसे अनेक छायादार और फलदार पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजीव रंजन ने बच्चों एवं युवाओं को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाते हुए कहा कि
जिस प्रकार एक स्वस्थ हृदय शरीर को जीवन प्रदान करता है, ठीक उसी प्रकार वृक्ष हमारी धरती और वायुमंडल को संजीवनी प्रदान करते हैं। स्वच्छ पर्यावरण ही एक निरोग एवं दीर्घायु जीवन की कुंजी है।
   पॉलिथिन और सिंगल-यूज़ प्लास्टिक मिट्टी की उर्वरता को समाप्त करते हैं और गंभीर प्रदूषण फैलाते हैं। इनके स्थान पर हमें कपड़े या जूट के थैलों का अधिक से अधिक प्रयोग करना चाहिए। आज हमारे समाज का एक शिक्षित वर्ग भी कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करने में संकोच करता है, जो चिंतनीय है। हमें अपने विवेक का परिचय देते हुए सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के उपयोग से बचना चाहिए और पर्यावरण को दूषित होने से बचाना चाहिए।
   यदि किसी अपरिहार्य स्थिति या मजबूरी में प्लास्टिक का उपयोग करना ही पड़े, तो उसे एक बार इस्तेमाल करके फेंकने के बजाय पुनः उपयोग में लाएं। साथ ही, प्लास्टिक कचरे को यत्र-तत्र फेंकने के बजाय उसका उचित एवं वैज्ञानिक निस्तारण करें, ताकि प्रकृति को कोई नुकसान न पहुँचे।
उन्होंने कहा कि पौधा लगाना केवल एक शुरुआत है; असली कर्तव्य उसकी नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा सुनिश्चित करके उसे एक वटवृक्ष बनाना है।