दैनिक खोज खबर /जलालपुर (सारण)। मांझी विधायक रणधीर सिंह की ओर से रविवार को जलालपुर में जनता दरबार लगाया गया। जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोगों ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का ऑन द स्पॉट समाधान कराया।

जनता दरबार में लोगों ने सड़क, बिजली, राशन, पेंशन, जमीन, आवास, शिक्षा सहित विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर कई मामलों के तत्काल निष्पादन का प्रयास किया। इससे फरियाद लेकर पहुंचे लोगों में संतोष देखा गया।

बताते चलें कि मांझी विधायक रणधीर सिंह प्रत्येक रविवार को जलालपुर तथा शनिवार को दाउदपुर-मांझी में जनता दरबार लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं। उनका उद्देश्य लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना और संबंधित अधिकारियों के माध्यम से मामलों का त्वरित निष्पादन कराना है।

जनता दरबार में जदयू के प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह, सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष प्रभुनाथ सिंह, रमन सिंह, राजेश कुमार सिंह, विमल तिवारी, विकास कुमार सिंह समेत कई कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद थे।