
डोरीगंज (सारण)।पर्यावरण संरक्षण मिशन छपरा के तत्वावधान में रविवार को ऐतिहासिक चिरांद स्थित अयोध्या मंदिर परिसर में एक वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत परिसर में सैकड़ों महोगनी के पौधे लगाए गए। कार्यक्रम में मध्य विद्यालय चिरांद के छात्र-छात्राओं ने उत्साह के साथ भाग लिया और सभी पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस आयोजन में चिरांद विकास परिषद और गंगा समग्र उत्तर बिहार ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रख्यात हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव रंजन सिंह ने कहा कि पर्यावरण की सच्ची रक्षा केवल पौधे लगाने भर से नहीं होती, इसके लिए प्लास्टिक के प्रयोग को कम करना, सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग करना तथा स्वच्छ जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों से प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।चिरांद विकास परिषद के सचिव श्रीराम तिवारी ने पर्यावरण, तालाबों और नदियों के संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जलस्रोतों की सुरक्षा ही आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है। वहीं, इंजीनियर अमरेश मिश्रा ने आहर-पइन जैसी पारंपरिक जल संरचनाओं के संरक्षण और भू-जल स्तर को ऊपर उठाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रभूषण ने विद्यार्थियों से हर साल कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी पूरी देखभाल करने की अपील की। इस अवसर पर सहायक शिक्षक प्रभू साह, स्वामी दिव्यात्मानंद जी महाराज, मंदिर के पुजारी बबुआ जी महाराज, अविनाश कुमार सिंह, प्रीतम सोनी, संदीप कुमार, अविनाश कुमार, राजकिशोर प्रसाद, चंदन भक्त और कमलाकांत सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश गूंजता रहा और सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।




Recent Comments