तरैया, सारण। प्रखंड के तरैया बाजार पर स्थित खदरा नदी के निर्माणाधीन पुल का रविवार को बिहार विधानसभा सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सह तरैया विधायक जनक सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक श्री सिंह ने संवेदक से यथाशीघ्र पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लेने का निर्देश दिया। वहीं निर्माणाधीन पुल के बगल में बनाये गए डायवर्शन का भी उन्होंने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक श्री सिंह ने देखा कि डायवर्शन में कई जगह पानी के बहाव से गड्ढा बन गए है और वहां से पानी का रिसाव हो रहा है। जिस पर उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि डायवर्शन पर बने गड्ढे पर ईट व राबिस गिराकर यथाशीघ्र डायवर्सन को ठीक किया जाए। ताकि बरसात के समय में लोगों को आने जाने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो सकें। इस दौरान विधायक श्री सिंह ने कहा कि जल्द ही यह पुल पूर्ण रूप से बनकर तैयार हो जाएगा। जिसके बाद प्रखंड मुख्यालय, थाना, रेफरल अस्पताल समेत पूर्वी छोड़ के दर्जनों गांव में लोगों को आने जाने में काफी सहूलियत होगी। मौके पर भाजपा महामंत्री योगेंद्र सिंह कुशवाहा, शिक्षक नेता रंजीत सिंह, रविंद्र सिंह समेत दर्जनों लोग उपस्थित थे।