डबरा नदी पर नवनिर्मित गोविंदापुर पुल का सांसद ने किया उद्घाटन                   

इसुआपुर(सारण)  : प्रखंड के इसुआपुर-नेवारी पथ पर डबरा नदी के ऊपर बने नवनिर्मित उच्चस्तरीय पुल का उद्घाटन शनिवार को स्थानीय महाराजगंज के बीजेपी सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने फीता काटकर किया। उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात सांसद ने केंद्र की मोदी सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत देश का तेजी से विकास हो रहा है। सड़क बनने से व्यवसायी गांवों तक पहुंच कर व्यवसाय कर रहे हैं। जिससे गांवों का भी तेजी से विकास हो रहा है। किसानों की आमदनी दुगुनी हुई। उन्हें बेहतर करने के लिए किसान सम्मान निधि समेत कई योजनाएं चल रही हैं किसानों को प्लास्टिक कोटेड रसायनिक खाद मिल रहा है। वहीं सांसद ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान बढ़ा है। रक्षा के क्षेत्र में चीन की सीमा पर राफेल को उतारकर भारत का शान बढ़ाया है। उज्जवला योजना के तहत करोड़ों गरीब परिवारों में गैस कनेक्शन देकर महिलाओं को धुआं तथा लकड़ी से निजात दिलाया गया है। बिजली के क्षेत्र में बेहतर कार्य हुए हैं। अब हर घर पर्याप्त बिजली मिल रही है। कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन के क्षेत्र में भी भारत में बेहतर कार्य किया है। मढ़ौरा जैसे सब डिविजनल अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाए जा रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज दिया गया है। उद्घाटन के मौके पर उन्होंने संवेदक से पुल के दोनों तरफ बने पक्की सड़क के किनारे तीन-तीन फीट मिट्टी भरने को कहा। ताकि सड़क की मजबूती बरकरार रह सके। सभा को संबोधित करते हुए स्थानीय जिला पार्षद प्रियंका सिंह ने सांसद सिग्रीवाल को धरतीपुत्र की संज्ञा देते हुए कहा कि इनके कार्यकाल में क्षेत्र के विकास में बेहतर कार्य हो रहे हैं। उद्घाटन समारोह में जिला पार्षद प्रियंका सिंह,भाजपा नेता धीरज सिंह, मुकेश सिंह,उदय ओझा, कुंदन सिंह, रामनारायण सिंह, मेसर्स लक्ष्मण कुमार के प्रतिनिधि विद्यापति ठाकुर, जेई मेहरा, रामनरेश सिंह, अभिनंदन सिंह, नंदकिशोर सिंह, राकेश सिंह तूफानी, उज्जवल सिंह,मोखतार सिंह,रामानंद प्रसाद, मान चंद साह, रितेश कुमार, बच्चा सिंह समेत सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद थे।