जामो(सिवान) : सिवान जिले के जामो थानाध्यक्ष ध्रुव प्रसाद सिंह ने गुप्त सूचना मिलने पर गत शनिवार की रात्रि में जामो थाना क्षेत्र के राछोपाली गांव में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में शराब के साथ शराब कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार कारोबारी थानाक्षेत्र के राछोपाली गांव निवासी ठाकुर सिंह का पुत्र ब्रजेश सिंह बताया जाता है । थानाध्यक्ष ध्रुव प्रसाद सिंह ने बताया कि गिरफ्तार ब्रजेश सिंह पिता ठाकुर सिंह ने शराब को अपने दलान में गेहूं के भूसा में छुपाकर रखा था । छापेमारी के दौरान बरामद की गई शराब में 750 मि०ली० के इम्पीरियल ब्लू की 16 बोतलें, 375 मि० ली० की 53 बोतलें और 180 मि० ली० की 107 बोतलें शामिल हैं । थाना अध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार कारोबारी पर जामो थाना काण्ड संख्या 132/2021 दर्ज कर रविवार सुबह जेल भेज दिया गया । थानाध्यक्ष ने कहा कि गैर कानूनी काम करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे । चाहे वह कोई भी हो ।बहरहाल जामो थाना में पदस्थापित थानाध्यक्ष ध्रुव प्रसाद सिंह के कार्यशैली से आमजन काफी खुश हैं । वहीं गैरकानूनी काम करने वालों में दहशत व्याप्त है ।