चुनावी रंजिश में मारपीट और अपहरण की प्राथमिकी दर्ज

मढौरा(सारण) ।
थाना क्षेत्र के भावलपुर पंचायत में चुनाव से पूर्व दो मुखिया प्रत्याशियों के बीच आमने सामने आ जाने से स्थिति विकट बन गई । मामले में दोनों पक्ष ने प्राथमिकी दर्ज कराई है । प्रथम पक्ष की तरफ से भावलपुर निवासी कपिल मिश्रा की पत्नी आशा देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है । प्राथमिकी में कहा है कि अपने घर के बाहर बैठी थी तभी मुंह पर काला दुपट्टा लपेटे इन्दु देवी तीन लड़कियों के साथ उसके घर पर पहुंची और मेरे पुत्र रोहित को खोजने लगी‌  बाहर नहीं दिखने पर घर में घुस कर गांव के निवर्तमान मुखिया को फोन पर बोली कि रोहित घर में है ।भोलू सिंह अपने साथ अनिकेत कुमार, कुन्दन सिंह सहित ग्यारह व्यक्तियों के संग पहुंचे और मेरे पुत्र को लेकर चले गये ।  काफी खोजबीन के बाद भी मेरा पुत्र नहीं मिला है ।
    इधर दूसरे पक्ष के भावलपुर निवासी राजबहादुर सिंह की पत्नी इन्दु देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है ।प्राथमिकी में है कि वह गांव की तीन लडकियों के साथ दीनबंधु तिवारी के घर मुखिया प्रत्याशी बिमला देवी का वोट मांगने गई थी । तभी भावलपुर निवासी रोहित मिश्रा और पूर्व मुखिया, मुरारी सिंह सहित पन्द्रह, सोलह व्यक्तियों ने मिलकर तीनों लडकियों के साथ और उसके साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया । इनके द्वारा प्रचार गाड़ी के चालक मुन्ना कुमार राम के साथ भी गाली गलौज और मारपीट किया गया ।