इसुआपुर
थाना क्षेत्र के परसा गांव के 38 वर्षीय राजेश नट की मौत शनिवार को चंवर के गहरे पानी में डूबने से हो गई। वे बकरी खरीदने शामपुर गांव गए थे। इसी बीच रास्ते में नड़जोड़वां चंवर के बांध से फिसल कर गहरे पानी में डूब गए। जिसे मछली मार रहे बच्चों ने देखा और शोर मचाया। शोर सुनकर वहां के स्थानीय युवक डूबे हुए राजेश नट को खोजने लगे। लेकिन काफी मशक्कत के बाद लगभग तीन घंटे बाद उसके लाश को बाहर निकाला गया। जिसकी पहचान इसुआपुर के नट बिरादरी के लोगों ने की तथा मृतक के घर वालों को घटना की सूचना दी। जिसके बाद परिजन स्थानीय मुखिया पति मनोज राय, वार्ड सदस्य शहादत हुसैन, संजय राय व अन्य के साथ पहुंचे। एसआई भरत राय भी घटनास्थल पहुंचकर मृतक के शव को थाने लाए तथा कानूनी प्रक्रिया के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। जदयू दलित प्रकोष्ठ की प्रदेश सचिव कबूतरी नटराजन ने घटना की सूचना पार्टी के प्रदेश सचिव शैलेंद्र प्रताप सिंह को दी। श्री प्रताप ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अपनी गहरी शोक संवेदना व्यक्त की तथा परिजनों का ढाढस बंधाया। वहीं मुखिया पति मनोज राय ने परिजनों को तीन हजार नगद आर्थिक सहायता की। मृतक की विधवा रूपा देवी, दो पुत्रों तथा एक पुत्री दहाड़े मार कर रो रही थीं। दलित प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष केश्वर नट, जदयू जल श्रमिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष जयप्रकाश महतो,पैक्स अध्यक्ष जितेंद्र सिंह कुशवाहा, तेरस नट, रंजन नट, दिनेश नट, लंकेश बाबा व अन्य ने भी पहुंचकर परिजनों का ढ़ाढ़स बंधाया।