
दैनिक खोज खबर/तरैया(सारण)। प्रखण्ड के मंझोपुर पुल के समीप गंडक नहर के बांध पर बनी ग्रामीण सड़क मंगलवार की रात धंस जाने से करीब पांच घंटे तक आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर गंडक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मिट्टी व अन्य सामग्री डालकर सड़क की मरम्मत कर यातायात बहाल कराया। जानकारी के अनुसार, मंझोपुर पुल के बगल में गंडक नहर के आउटलेट के पास पानी के रिसाव से सड़क के नीचे बड़ा गड्ढा बन गया था। मंगलवार की रात इसी स्थान पर नहर के बांध पर बनी करीब 15 फीट सड़क धंस गई, जिससे वाहनों और लोगों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। बुधवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता शेखर सिंह ने अपने साथियों के साथ सड़क धंसी देखी। उन्होंने तत्काल गंडक विभाग के अधिकारियों को फोन कर स्थिति की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे, निरीक्षण किया और करीब एक घंटे के भीतर मरम्मत कार्य शुरू करा दिया। तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद मिट्टी एवं अन्य सामग्री डालकर सड़क को दुरुस्त किया गया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
घटना के बाद परौना, मंझोपुर, रामपुर महेश सहित आसपास के गांवों के लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का कहना था कि बरसात का मौसम पूरी तरह से शुरू भी नहीं हुआ है और नहर के बांधों में क्षति की घटनाएं सामने आने लगी हैं। उन्होंने गंडक विभाग के अधिकारियों से बांधों की व्यापक जांच कर स्थायी मरम्मत कराने की मांग की, ताकि आगे किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।




Recent Comments