दैनिक खोज खबर/छपरा, 01 जुलाई। बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने धार्मिक नगरी सोनपुर पहुंच कर धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ऐतिहासिक लोकसेवा आश्रम में भगवान सूर्य एवं शनिदेव की पूजा- अर्चना करने के बाद बिहार प्रदेश उदासीन महामंडल के अध्यक्ष एवं लोकसेवा आश्रम के व्यवस्थापक संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा से आशीर्वाद प्राप्त किया। वहीं कबीर मठ में आयोजित कबीर जयंती समारोह में शामिल होकर उन्होंने संत कबीर के आदर्शों को अपनाने की अपील करते हुए सोनपुर स्थित कबीर मठ परिसर में कबीर संग्रहालय बनाने के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाया। लोकसेवा आश्रम पहुंचने पर पर्यटन मंत्री का संतों एवं स्थानीय प्रबुद्धजनों ने भव्य स्वागत किया। मंत्री ने आश्रम परिसर स्थित भगवान सूर्य एवं शनि मंदिर में विधिवत पूजा- अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पुराने हनुमान मंदिर के स्थान पर निर्माणाधीन दक्षिणमुखी संकट मोचन हनुमान मंदिर का निरीक्षण किया।

कबीर मठ में संग्रहालय बनाने के प्रस्ताव पर दिया सकारात्मक आश्वासन:
संत मौनी बाबा ने मंत्री को बताया कि मंदिर निर्माण का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मंत्री ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और मंदिर की भव्यता की सराहना करते हुए इसे धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर संत विष्णुदास उदासीन (मौनी बाबा) ने हरिहरनाथ मंदिर कॉरिडोर परियोजना को लेकर अपनी चिंता पर्यटन मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर निर्माण के कारण लोकसेवा आश्रम के प्राचीन मंदिरों, समाधि स्थलों एवं आवासीय परिसर के अस्तित्व पर संकट की आशंका उत्पन्न हो गई है। उन्होंने आग्रह किया कि कॉरिडोर का विकास इस प्रकार किया जाए जिससे आश्रम की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक पहचान सुरक्षित रहे। उन्होंने कहा कि यह आश्रम सैकड़ों वर्ष पुरानी धरोहर है और इसकी विरासत को किसी भी कीमत पर क्षति नहीं पहुंचनी चाहिए। दर्शनार्थियों एवं स्थानीय लोगों ने भी मंत्री को आश्रम के गौरवशाली इतिहास से अवगत कराया।

अखिल भारतीय संगीत महोत्सव इस आश्रम की पहचान:
उन्होंने बताया कि इस पावन स्थल पर भारत रत्न शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान, तबला सम्राट पंडित किशन महाराज तथा कथक नृत्यांगना माया चटर्जी सहित अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं। प्रतिवर्ष 07 अगस्त को आयोजित होने वाला अखिल भारतीय संगीत महोत्सव इस आश्रम की पहचान रही है। इस दौरान पुजारी अनिल झा, उदासीन लाल दास सहित कई गणमान्य लोगों ने आश्रम की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखने की मांग दोहराई। इसके बाद पर्यटन मंत्री मानव मोक्ष संस्थान भगवान धाम स्थित कबीर मठ, साधुगाछी पहुंचे, जहां कबीर जयंती समारोह का उद्घाटन उन्होंने आचार्य महंत आमोद गोस्वामी एवं महंत दयानंद गोस्वामी के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर तथा संत कबीर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया।

बिहार सरकार राज्य के प्रमुख कबीर मठों को पर्यटन मानचित्र से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध: मंत्री
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि संत कबीर ने समाज को जाति और धर्म से ऊपर उठकर मानवता, समानता और सद्भाव का संदेश दिया था। उन्होंने लोगों से कबीर के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यटन मंत्री के समक्ष सोनपुर स्थित कबीर मठ परिसर में भव्य कबीर संग्रहालय की स्थापना का प्रस्ताव रखा। इस पर मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह अत्यंत महत्वपूर्ण सुझाव है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बिहार सरकार राज्य के प्रमुख कबीर मठों को पर्यटन मानचित्र से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है तथा कबीर संग्रहालय के प्रस्ताव पर भी गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा। मंत्री के इस आश्वासन से उपस्थित संतों एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखा गया।