दैनिक खोज खबर/तरैया,(सारण)। थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव में एक वृद्ध की हत्या कर शव को घर के बगल में फेंक देने का मामला सामने आया है। मृतक माधोपुर बड़ा गांव निवासी 70 वर्षीय शिवजी सहनी बताए गए है। पीड़ित परिजनों ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धार-धार हथियार से उनकी हत्या कर शव को घर से बाहर फेंक दिया गया था। उनके सीने व हाथ पर कटे तथा गले में काले धब्बे के निशान स्पष्ट दिख रहे थे। मृतक के बिछावन पर भी खून के धब्बे तथा उनकी लाठी में भी खून लगे हुए थे। घटना के बाद परिजन सदमें में है। जानकारी के अनुसार मृतक को दो पुत्र व पूतोह तथा दो छोटे छोटे पोते है। बड़े पुत्र व पूतोह अपने साढू के यहां शादी समारोह में गये हुए थे तथा छोटा पुत्र मोहन सहनी बाहर परिजनों की जीविकोपार्जन के लिए रहते है। वर्तमान में मृतक की छोटी पूतोह चिंता देवी अपने दो छोटे छोटे बच्चे व वृद्ध ससुर शिवजी सहनी के साथ घर पर थी। बताया जाता है कि सोमवार की रात्रि में सभी लोग खाना खाकर अपने घर में सोने चले गये। मंगलवार की सुबह काफी देर तक वृद्ध अपने कमरे से नहीं निकले तो खोजबीन शुरू हुई, खोजबीन के दौरान उनके बिछावन पर खून के धब्बे और लाठी में खून देखकर पूतोह ने आसपास के लोगों को बुलाई, परिजनों व आसपास के लोगों द्वारा खोजबीन शुरू किया गया तो घर के बाहर वृद्ध का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ मिला। इसकी सूचना तरैया थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही तरैया थाने की पुलिस मौके पर पहुची एवं शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया तथा आगें की जांच एवं कार्रवाई में जुट गई है।