लगभग 50 फीट भूमि नदी में समाई, बाढ़ नियंत्रण विभाग ने शुरू कराया बचाव कार्य

दैनिक खोज खबर/सोनपुर। गंडक नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण सोनपुर प्रखंड की कल्याणपुर पंचायत अंतर्गत बैजलपुर केशव नया टोला के सामने नदी किनारे कटाव शुरू हो गया है। कटाव की रफ्तार तेज होने से लगभग 50 फीट भूमि तथा कई पेड़-पौधे गंडक नदी में समा गए, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों को सूचित किया।पंचायत सरपंच भारत सिंह ने तत्काल बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बाढ़ नियंत्रण विभाग के एसडीओ विनोद कुमार, जेई अभिनय कुमार, कार्यपालक अभियंता संतोष प्रभाकर सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मी मौके पर पहुंचे और प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बढ़ते जलस्तर से हो रहे कटाव को रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। वहीं सरपंच भारत सिंह, समाजसेवी शिवाकांत सिंह एवं अन्य ग्रामीणों ने अधिकारियों को संभावित कटाव वाले अन्य स्थानों की जानकारी देते हुए समय रहते सुरक्षा उपाय करने का आग्रह किया।
विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कटाव प्रभावित स्थलों पर झांकी (बोल्डर डंपिंग), बांस रोल (बैंबू रोल) तथा अन्य सुरक्षात्मक उपायों के माध्यम से बचाव कार्य शुरू करा दिया है, ताकि बढ़ते जलस्तर से आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों को सुरक्षित रखा जा सके।
बाढ़ नियंत्रण विभाग की त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना करते हुए समय पर कार्रवाई के लिए उनका आभार व्यक्त किया।