
प्रधान सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने किया स्थलीय निरीक्षण, मजदूरों की संख्या 140 से बढ़ाकर 350 करने का निर्देश
दैनिक खोज खबर/सोनपुर। गंगा के कटाव से सबलपुर क्षेत्र की सुरक्षा के लिए चल रहे बोल्डर पिचिंग एवं कटावरोधी कार्यों का बुधवार को जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह के नेतृत्व में उच्चस्तरीय अधिकारियों की टीम ने सोनपुर पहुँच कर कार्य स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
निरीक्षण दल में अभियंता प्रमुख वरुण कुमार, मुख्य अभियंता (गोपालगंज परिक्षेत्र) प्रमोद कुमार, फ्लड फाइटिंग चेयरमैन नवल किशोर सिंह, अधीक्षण अभियंता दिनेश कुमार, कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार प्रभाकर, सहायक अभियंता धर्मेन्द्र कुमार, अपर समाहर्ता सारण, एडीएमओ सारण, अनुमंडल पदाधिकारी सोनपुर स्निग्धा नेहा, डीसीएलआर, अंचलाधिकारी राज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि 259 मीटर, 164 मीटर, 163 मीटर, 291 मीटर, 70 मीटर, 30 मीटर, 87 मीटर, 71 मीटर एवं 60 मीटर के विभिन्न लूपों पर कटावरोधी कार्य प्रगति पर है। शेष लूपों पर कार्य में तेजी लाने के लिए संवेदक एम.एस.ए. कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पवन मिश्रा को मजदूरों की संख्या 140 से बढ़ाकर 350 करने तथा 18 जुलाई तक बोल्डर पिचिंग की चारों परतें (एप्रॉन सहित) हर हाल में पूर्ण करने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने कार्य की गुणवत्ता, धीमी प्रगति तथा संसाधनों की कमी को लेकर अपनी चिंताएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। ग्रामीणों ने डाउनस्ट्रीम के अन्य लूपों का भी निरीक्षण कराने तथा अपस्ट्रीम के सर्वाधिक संवेदनशील 164 मीटर लूप पर अविलंब कार्य शुरू करने की मांग की।
प्रधान सचिव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि वे शीघ्र ही पुनः क्षेत्र का दौरा करेंगे और कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे। वहीं विभागीय अधिकारियों एवं संवेदक ने स्थानीय लोगों से कटावरोधी कार्य में तेजी लाने के लिए अधिक से अधिक मजदूर उपलब्ध कराने में सहयोग की अपील की।
निरीक्षण के दौरान सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, रिंग बांध निर्माण समिति के अध्यक्ष सह शाहपुर धर्मेन्द्र राय, उपाध्यक्ष अविनाश कुमार, भोला, रघुवीर राय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




Recent Comments