● जिलाधिकारी ने ऑक्सीजन प्लांट और कोविड केयर सेंटर का किया निरीक्षण

● कोविड केयर सेंटर में बेड और अन्य सुविधाओं का लिया जायजा

छपरा। वैश्विक महामारी कोरोनावायरस  संक्रमण के तीसरी लहर से निपटने को लेकर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन के द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है। इसी कड़ी में बुधवार को सारण के जिलाधिकारी राजेश मीणा के द्वारा छपरा सदर अस्पताल का निरीक्षण किया गया। जिला अधिकारी ने सदर अस्पताल में नवनिर्मित पीएसए ऑक्सीजन प्लांट, लेबर रूम, इमरजेंसी वार्ड आईसीयू, आरटीपीसीर लैब, टीकाकरण कार्य तथा  कोविड  केयर सेंटर का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने ऑक्सीजन प्लांट से संबंधित आवश्यक जानकारी सिविल सर्जन से ली।  इस दौरान सिविल सर्जन ने डीएम को बताया कि यह ऑक्सीजन प्लांट 1000 लीटर प्रति घंटा ऑक्सीजन का उत्पादन करता है। ऑक्सीजन प्लांट के माध्यम से इमरजेंसी वार्ड तथा आईसीयू वार्ड, कोविड केयर सेंटर में पाइप लाइन के द्वारा अक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि संभावित तीसरी लहर से निपटने को लेकर प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है और अस्पताल में आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।  कोरोना के मरीजों को इस बार ऑक्सीजन की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिले में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन की पूर्ति की गई है।  सदर अस्पताल में स्थापित ऑक्सीजन प्लांट के द्वारा प्रति घंटा 1000 लिटर ऑक्सीजन का उत्पादन हो रहा है। इससे सारण वासियों को काफी राहत मिलेगी।