मांझी(सारण)। 27 अप्रैल को सरयूपार गांव में कोरोना पॉजिटिव एक मरीज के मिलने के बाद से सरयूपार के चारो तरफ 3 किमी. की एरिया को सील कर आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। बुधवार को भी दाउदपुर थाना पुलिस व गोरखा रेजिमेंट के जवान पूरी तरह चौकस दिखे। वहीं चेंफुल गांव का दौरा कर लौटे चिकित्सा प्रभारी डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि सरयूपार के कंटेंमेंट जोन के अंदर आने वाले सभी गांव में घर-घर जाकर स्क्रीनिंग की जा रही है। जिसके लिए 55 टीम व 7 सुपरवाइजर को लगाया गया है। थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी ने बताया कि केंटेंमेंट जोन के अंदर प्रवेश करने व उससे बाहर निकलने वाले लोगों पर पूरी तरह से पाबंदी है। उलंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।