
मांझी। मांझी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर स्नान करने के लिए सरयू नदी के प्रसिद्ध रामघाट सहित ताजपुर, डूमाइगढ़, डुमरी, बाबा मधेश्वरनाथ आदि घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। वहीं स्नान के बाद महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने दान-पूण्य किया और प्रेम से सतू व मूली का स्वाद चखा। वहीं दूर-दराज से पहुंची कई महिलाएं मन्नत पूरी होने पर व पूरे परिवार की खुशहाली के लिए घाट के किनारे कोसी भरती दिखी। हालांकि कोरोना काल को देखते हुए प्रशासनिक अनुरोध पर इस बार विगत वर्ष की तुलना में स्नान करने कम लोग पहुंचे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए थे। एनडीआरएफ की टीम सहित स्थानीय नाविकों को भी नाव के साथ तैनात किया गया था। जिला प्रशासन के निर्देश के आलोक में स्थानीय सीओ दिलीप कुमार सहित थानाध्यक्ष नीरज कुमार के नेतृत्व में किसी भी अनहोनी घटना के मद्देनजर नदी के किनारे बैरिकेडिंग की व्यवस्था के साथ हीं पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। मौके पर डीसीएलआर, सीडीपीओ के अतिरिक्त स्वास्थ्य-विभाग के भी कर्मी मौजूद थे।




Recent Comments