
डूबे व्यक्ति के तलाश में ग्रामीणों की भीड़
मढ़ौरा(सारण). मढ़ौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवबहुआरा में नदी में स्नान करने के दौरान पैर फिसलने से डूबे एक व्यक्ति का शव मंगलवार को एसडीआरएफ की टीम ने 24 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया. इस दर्दनाक घटना के बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार, तरैया थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी तेरस नट अपने ससुराल आया हुआ था. सोमवार को वह नदी में स्नान कर रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जाकर डूब गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. अंधेरा और रात अधिक हो जाने के कारण सोमवार को एसडीआरएफ की टीम नहीं पहुंच सकी थी. मंगलवार सुबह टीम ने फिर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और नदी से शव बरामद कर लिया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.




Recent Comments