शहाबुद्दीन ने कराई थी बेटे व नौकर की हत्या
✍परवेज अख्तर/सिवान;
सीवान : जीरादेई की पूर्व विधायक आशा पाठक के बेटे संतोष पाठक व नौकर अनिल यादव की हत्या पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन ने षड्यंत्र रच कराई थी। शुक्रवार को पूर्व विधायक के पति व इस घटना के गवाह बीजेपी नेता रामाकांत पाठक ने गवाही देते हुए उक्त बातें कहीं। बीजेपी नेता रमाकांत पाठक ने शहाबुद्दीन के खिलाफ गवाही देते हुए कहा कि घटना 17 मार्च 2002 की संध्या 7:30 बजे की है। बीजेपी नेता ने घटना का पूर्ण रूप से समर्थन किया। हालांकि श्री पाठक की गवाही अभी पूरी नहीं हो पाई है। न्यायालय सूत्रों के अनुसार आगामी 2 अगस्त को इस मामले में उनकी गवाही फिर होगी। इस दिन बचाव पक्ष के वकील गवाह बीजेपी नेता श्री पाठक से जिरह करेंगे। इसके अलावा शुक्रवार को राजद के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन से जुड़े सेशन के चार मामले की स्पेशल कोर्ट में सुनवाई की गई। आरोपित पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में हाजिर हुए। इधर मजिस्ट्रेट कोर्ट में पूर्व सांसद शहाबुद्दीन से जुड़े 13 मामलों की सुनवाई के लिए तिथि निर्धारित की गई थी। लेकिन, मजिस्ट्रेट कोर्ट में इन मामलों में सुनवाई नहीं हो पाई। यहां भी आरोपित पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोर्ट में उपस्थित हुए। अभियोजन की तरफ से स्पेशल पीपी जयप्रकाश सिंह, रघुवर सिंह व रामराज प्रसाद मौजूद थे।




Recent Comments