• जिले में 750 लोगों के पेंडिंग जांच रिपोर्ट में 45  लोगों का रिपोर्ट आया कोरोना पॉजिटिव ,705 लोगों का रिपोर्ट निगेटिव

छपरा । कोरोना वायरस संक्रमण के परिप्रेक्ष्य में सदर अस्पताल में लगे ट्रूनट मशीन एवं आइजीआइएमएस, पटना से पिछले 24 घंटे में लगभग 750 व्यक्तियों का रिपोर्ट जिले को प्राप्त हुआ है, जो विगत कई दिनों से आइजीआइएमएस, पटना में कोरोना संक्रमित  पाये जाने के फलस्वरूप उक्त संस्थान बंद होने के कारण पेंडिंग चला आ रहा था। उक्त 750 व्यक्तियों में से 705 व्यक्ति निगेटिव पाये गये हैं तथा 45 व्यक्ति पोजिटिव पाये गये हैं। पोजिटिव पाये गये अधिकांश व्यक्ति या तो पूर्व से कोरोना पोजिटिव मरीजों के सगे-संबंधी हैं अथवा जिला प्रशासन द्वारा घोषित कंटेन्मेंट जोन  के रहने वाले हैं। वर्तमान में जिले में कुल 63 कंटेन्मेंट जोन एक्टिव  हैं। जिले में प्रतिदिन 150 सैंपल  की जॉंच की जा रही है तथा लगभग 250 सैम्पल  आइजीआइएमएस, पटना में इस जिले से भेजना प्रारंभ कर दिया गया है।जिलाधिकारी द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखते हुए सभी अनुमण्डल पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कंटेन्मेंट जोन  में और अधिक सख्ती बरतते हुए सभी व्यापारिक गतिविधियों को बंद रखना सुनिश्चित करेंगे । साथ ही यह भी निर्देश दिया गया है कि उक्त जोन में रहने वाले सभी व्यक्ति घर में ही रहें, अन्यथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी। इसके अतिरिक्त सिविल सर्जन को सभी नये कंटेन्मेंट जोन  के हर घर से एक सैम्पल बीमार व्यक्ति अथवा 65 वर्ष से अधिक उम्र वाले बूढ़े-बुजुर्ग अथवा सर्दी-खांसी, जुकाम या बुखार से पीडि़त व्यक्ति का प्राप्त कर जॉंच करने का निर्देश दिया गया है।