दैनिक खोज खबर/सोनपुर। स्मार्ट पुलिसिंग को प्रभावी बनाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित निवारण के लिए सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने गुरुवार शाम सोनपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘जनता मिलन कार्यक्रम’ के तहत दर्जनों पीड़ितों से सीधा जन संवाद कर उनकी शिकायतें सुनीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे स्थानीय नागरिकों ने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह और महिला उत्पीड़न से जुड़े आवेदन सौंपे। एसएसपी ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए उपस्थित पुलिस अधिकारियों को निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसएसपी विनीत कुमार ने थाना अभिलेखों, लंबित कांडों की स्थिति, मालखाना प्रबंधन, डिजिटल कार्यप्रणाली और कानून-व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। एसएसपी ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि संवेदनशील मामलों को प्राथमिकता दी जाए और आमजन के साथ व्यवहार में संवेदनशीलता बरती जाए। उन्होंने थाना स्तर पर नियमित रूप से जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित करने और शिकायतों की सतत समीक्षा करने का आदेश दिया। नागरिकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए एसएसपी ने कहा कि सारण पुलिस उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस से संपर्क करें और क्षेत्र में शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।