
• राजू उर्फ लंगड़ा पर कई संगीन मामले दर्ज, भारी मात्रा में अवैध हथियार व कारतूस बरामद
दैनिक खोज खबर/दिघवारा। थाना क्षेत्र के गंगा पार शंकरपुर दियारा में गुरुवार दोपहर पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो कुख्यात वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार व जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान डोरीगंज थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी नंदकुमार राय के 34 वर्षीय पुत्र राजू कुमार उर्फ लंगड़ा तथा डोरीगंज थाना क्षेत्र के बलवंत टोला निवासी जवाहर राय के 28 वर्षीय पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक लोडेड देशी एकनली बंदूक, एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल (8 एमएम), 25 जिंदा कारतूस (8 एमएम), 5 जिंदा कारतूस (12 बोर), दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा कारतूस रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे दो काले बैग बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार राजू उर्फ लंगड़ा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ डोरीगंज थाना में कांड संख्या 240/24, 126/24, 297/25 समेत आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, एसआई भरत साह समेत एसटीएफ के जवान शामिल थे।पुलिस दोनों अपराधियों से पूछताछ कर रही है और उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।




Recent Comments