
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भाजपा की प्रचंड जीत की चर्चा अब अमेरिका में भी हो रही है।
US में चर्चा का विषय बनी यूपी जीत, विशेषज्ञ ने माना जीत मोदी पर भरोसे का सुबूत
वॉशिंगटन: उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में भाजपा की एकतरफा जीत को नरेंद्र मोदी के पक्ष में मतदान करार देते हुए एक प्रख्यात अमेरिकी विशेषज्ञ ने कहा कि परिणामों से पता चलता है कि लोग प्रधानमंत्री को ‘काम करने वाला व्यक्ति’ मानते हैं।
‘कारनेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस’ के साउथ एशिया प्रोग्राम के मिलान वैष्णव ने कहा कि भारत के सर्वाधिक आबादी वाले राय में भाजपा की ऐतिहासिक जीत उसका सबसे बड़ा चुनावी पुरस्कार है। वैष्णव ने कहा, ‘उत्तराखंड में जीत के साथ-साथ यह स्पष्ट विजय निश्चित रूप से मोदी के लिए समर्थन का वोट है। यह जीत जाहिर करती है कि नोटबंदी के बारे में लोग चाहे जो भी सोचें, वह मोदी को काम करने वाले व्यक्ति के तौर पर देखते हैं।’
उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस इस बात पर संतुष्ट हो सकती है कि उसे पंजाब में जीत हासिल हुई। कांग्रेस को इस जीत की सख्त जरूरत थी, क्योंकि उसके पास एक ही बड़ा राय ‘कर्नाटक’ था। यह जीत अगले साल उसका मनोबल बढ़ा सकती है।’ वैष्णव ने कहा कि आम आदमी पार्टी को पंजाब और गोवा में अपेक्षा के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाने से गहरी निराशा हुई है।
बसपा के अस्तित्व पर खतरा:वैष्णव का कहना है कि इस हार ने बसपा और मायावती के अस्तित्व के लिए खतरा पैदा कर दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें 2012, 2014 और अब 2017 में बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। बसपा के लिए संकट तो उसी समय शुरू हो गया था, जब उसे 2014 के आम चुनाव में एक भी सीट नहीं मिली थी। बसपा सरीखे दल के लिए यह बहुत बड़ा झटका था कि संसद के निचले सदन में उसका एक भी प्रतिनिधि नहीं पहुंच सका। इसके बाद बसपा को उम्मीद थी कि वह अपने गढ़ उत्तर प्रदेश में अपनी खोई हुई ताकत दोबारा हासिल कर सकेगी, लेकिन विधानसभा चुनाव के नतीजे बता रहे हैं कि उसकी यह उम्मीद भी ध्वस्त हो गई। मायावती के लिए एक समस्या यह भी है कि उनके तमाम विश्वस्त सहयोगी एक के बाद साथ छोड़ते जा रहे हैं और अब उन्हें अपना समूह एकत्रित रखने में और मुश्किल आएगी।
मोदी की जीत का अमेरिका में भी जश्न:अमेरिका में भी मोदी की जीत चर्चा में बनी रही। सिलिकॉन वैली, न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी, शिकागो और फ्लोरिडा में भारतीय-अमेरिकी समुदाय ने मिलकर नतीजे देखे और जीत का जश्न मनाया। अमेरिकन इंडिया पब्लिक अफेयर्स कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सेवहानी ने कहा कि प्रधानमंत्री की गरीब और किसान समर्थित नीतियों की वजह से भाजपा को उत्तर प्रदेश में बड़ी जीत मिली।




Recent Comments