स्वतंत्रता सेनानी झरवाल की पार्थिव देह पंचतत्व में विलीन
आज़ाद नेब ब्यूरो चीफ़ राजस्थान 
जयपुर 30 अप्रैल। जयपुर जिले के वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी लक्ष्मीनारायण झरवाल का रविवार को आदर्श नगर स्थित श्मशान गृह में राजकीय सम्मान से अंतिम संस्कार किया गया। झरवाल के ज्येष्ठ पुत्र सत्येन्द्र झरवाल ने उनको मुखाग्नि दी। स्वतंत्रता सेनानी को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में आमजन, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग आदर्श नगर श्मशान पहुंचे। राजस्थान पुलिस के दल ने उनके सम्मान में हवाई फायर करते हुए सम्मान गार्ड दिया।
झरवाल की पार्थिव देह पर जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर (पूर्व) डॉ. बीडी कुमावत व पुलिस अधीक्षक (पूर्व) कुं. राष्ट्रदीप सिंह ने पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। आदर्शनगर एसीपी मदनसिंह, गांधीनगर एसीपी राजपाल गोदारा तथा आदर्शनगर थानाधिकारी ब्रजभूषण ने भी श्रद्धांजलि दी। इससे पूर्व मोती डूंगरी रोड पर चंद्रमहल होटल के सामने पुलिस थाने वाली गली स्थित झरवाल सदन से उनकी अंतिम यात्रा रवाना हुई। आदर्श नगर स्थित श्मशान घाट में लोगों ने स्वतंत्रता सेनानी को अंतिम विदाई दी।