बीकानेर:स्वाइन फ्लू का खतरा स्वास्थ्य विभाग हुआ अलर्ट
 
भैरु सिंह राजपुरोहित (Edited by आज़ाद नेब)
बीकानेर 9 मई। मरू नगरी का पारा लगातार बढ़ता जा रहा है आम जन जीवन अश्त-व्यस्त हो रहा है वही मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों का दिन का चैन व रात का सुकून छिन गया है। घर-घर में लोग बीमार हो रहे हैं। साथ ही इन दिनों स्वाइन फ्लू को भी प्रकोप है।
स्वास्थ्य विभाग में भी खलबली मची हुई है और विभाग अलर्ट मोड़ पर आ चुका है। पीबीएम, जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों में बुखार व जुकाम के मरीज भी पहुंच रहे हैं। पीबीएम अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों व नर्सिंग कर्मियों को तथा बीकानेर सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने सभी सीएचसी प्रभारियों को मौसमी बीमारियों की रोकथाम के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं।
बीकानेर संभाग के सबसे बड़े अस्प्ताल पीबीएम के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि स्वाइन फ्लू के मामले इस मौसम में भी आ रहे हैं। अस्पताल में स्वाइन फ्लू सहित गर्मी, लू-तापघात के मरीजों के लिए भी पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वाइन फ्लू की आशंका से सोमवार को पांच और मरीजों की जांच कराई गई, लेकिन रिपोर्ट नेगेटिव आई।वर्तमान में स्वाइन फ्लू वार्ड में तीन मरीज भर्ती है, जिनकी हालत में सुधार है। गौरतलब है कि अब तक 195 मरीजों की स्वाइन फ्लू की जांच कराई गई, जिसमें से आठ पॉजिटिव पाए गए। इनमें से तीन की मौत हो गई।
जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने चिकित्सा विभाग को स्वाइन फ्लू के रोगी चिन्हित होने की स्थिति में संबंधित क्षेत्रों में तत्काल टीमें भेजने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग संबंधित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखे। इसमें कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाए। जिला कलक्टर ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुरूप एंटी वायरल दवाइयां वितरित की जाएं और बचाव के पूरे उपाय किये जाये ।