सारण/मांझी।
दाउदपुर थाना क्षेत्र के दुमदुमा- मदनसाठ मार्ग पर मध्य विद्यालय हर्षपुरा के समीप दो पेड़ अचानक गिर कर धराशायी हो गए। जिसकी चपेट में आने से कई राहगीर बाल- बाल बच गए। बताया जा रहा है कि सड़क के किनारे हुए जलजमाव के कारण पेड़ का एकतरफा झुकाव होने की वजह से पेड़ जड़ समेत उखड़ कर गिर पड़े। जिसकी चपेट में आने से बिजली के तीन पोल भी टूटकर गिर गए। संयोग अच्छा था कि उस समय बिजली आपूर्ति बंद थी। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना की सूचना स्थानीय लोगो ने बिजली विभाग को दी। उसके बाद पेड़ की छंटाई व पोल को ठीक कर बिजली की आपूर्ति चालू की गई। स्थानीय लोगो का कहना है कि पुराने पेड़ के सड़क पर गिर जाने से फिलहाल मदनसाठ , बगोईया, भरवलिया , व हर्षपुरा आदि गांव के लोगो को दाउदपुर बाजार तथा मांझी की ओर मार्ग बदल कर जाना पड़ रहा है। मोटर साइकिल समेत बड़े वाहन का आवागमन ठप है। सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने का प्रयास लोगों द्वारा किया जा रहा है।